Tuesday, October 15, 2019

महात्मा गांधी विचार पदयात्रा ग्राम सेंदरी से प्रारंभ होकर सिलदहा पहुँची

मुंगेली : महात्मा गांधी के आदर्श और विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए गांधी विचार पदयात्रा सतत जारी- कलेक्टर डॉ. भुरे
मुंगेली 15 अक्टूबर 2019 - राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 150वीं जयंती के अवसर पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के मार्गदर्शन में 11 अक्टूबर से जिले में महात्मा गांधी विचार पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिले के विकासखण्ड पथरिया के ग्राम सेंदरी में जनप्रतिनिधियों द्वारा महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर जिला स्तरीय महात्मा गांधी विचार पदयात्रा का शुभारंभ किया गया। महात्मा गांधी विचार पदयात्रा ग्राम सेंदरी से प्रारंभ होकर ग्राम सिलदहा पहुँची। पदयात्रा को विभिन्न वक्ताओं ने संबोधित किया। कलेक्टर डॉ. भुरे ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होने कहा कि राज्य शासन द्वारा गांधी जी की विचारधारा सर्वधर्म सम्भाव को स्थापित करने के लिए महात्मा गांधी विचार पदयात्रा की शुरूआत की गई है और यह पदयात्रा सतत जारी है। सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलकर महात्मा गांधी ने भाईचारा और शांति का मार्ग प्रशस्त करने के लिए सत्य अहिंसा का मार्ग बताया। उनके द्वारा बताये गये सत्य, अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही शांति और परोपकार के भावना स्थापित किया जा सकता है। उन्होने लोगों को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का आव्हान किया। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जागेश्वरी वर्मा ने भी संबोधित किया और महात्मा गांधी के आदर्शो एवं विचारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में श्री आत्मा सिंह क्षत्रिय, श्री राजेंद्र शुक्ला, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी मौजूद थे। एसडीएम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

No comments:

Post a Comment